शिमला : निगम विहार में अनियंत्रित होकर पलटा सेब से भरा ट्रक, चालक घा.य.ल
राजधानी शिमला के निगम विहार क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। सेब से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर का यह ट्रक शिमला से बोरियों में भरे सेब लेकर जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे निगम विहार के समीप अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खिसक गया। गनीमत यह रही कि सड़क किनारे मौजूद घने पेड़ों ने ट्रक को और नीचे गिरने से रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार अधिक होने की वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में अधिक गति हादसे की प्रमुख वजह प्रतीत हो रही है। साथ ही, वाहन की तकनीकी खामियों की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि सेब सीजन के दौरान शिमला की सड़कों पर ट्रकों का दबाव बढ़ जाता है और तेज रफ्तार के कारण ऐसे हादसे अक्सर घटित हो जाते हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पर्वतीय सड़कों पर नियंत्रित गति से ही वाहन चलाएं।