Third Eye Today News

शिमला-दिल्ली पुलिस टकराव : ACP राहुल विक्रम का अंडमान तबादला

Spread the love

हिमाचल प्रदेश और दिल्ली पुलिस के बीच उपजे कथित टकराव के मामले में एक बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल में तैनात और 2018 बैच के दानिप्स (DANIPS) अधिकारी ACP राहुल विक्रम का तत्काल प्रभाव से अंडमान-निकोबार तबादला कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर द्वारा 27 फरवरी को जारी आदेशों में 11 अधिकारियों के फेरबदल की सूची में राहुल विक्रम का नाम शामिल है। आधिकारिक आदेशों में इस तबादले का कारण ‘प्रशासनिक’ बताया गया है और इसमें हिमाचल पुलिस के साथ हुए विवाद का कोई सीधा जिक्र नहीं है। लेकिन इसे ‘हिमाचल बनाम दिल्ली पुलिस’ के बीच उपजे तनाव से सीधे तौर पर जोड़कर देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को इस पूरी कार्रवाई की मुख्य वजह माना जा रहा है। वीडियो में ACP द्वारा कैमरे की तरफ देखकर बोलना और उनकी ‘बॉडी लैंग्वेज’ को विभाग ने एक गंभीर रणनीतिक चूक के रूप में देखा है। ऐसा प्रतीत होता है कि वीडियो के सार्वजनिक होने से ऑपरेशन की गोपनीयता और पुलिस की छवि पर असर पड़ा, जिसे गृह मंत्रालय (MHA) ने संज्ञान में लिया है। बता दें कि डी.ए.एन.आई.पी.एस. कैडर का सीधा नियंत्रण और तबादले की शक्ति गृह मंत्रालय के पास ही होती है।पुलिस विभाग के गलियारों में चर्चा है कि वायरल वीडियो में अधिकारी की चूक को ही इस कड़े फैसले का आधार बनाया गया है। पहले यह माना जा रहा था कि तीन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने के बाद इस मामले का पटाक्षेप हो गया है, लेकिन ACP के इस अचानक तबादले (Transfer) ने कहानी में नया मोड़ ला दिया है। सूत्रों से एमबीएम न्यूज नेटवर्क को मिली दिल्ली पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि भी उपलब्ध हुई है, जो इस फेरबदल की पुष्टि करती है। अब यह देखना होगा कि इस प्रशासनिक कार्रवाई का असर दोनों राज्यों की पुलिस के आपसी तालमेल पर क्या पड़ता है।

2018 बैच के DANIPS अधिकारी राहुल विक्रम दिल्ली पुलिस के ‘स्पेशल सेल’ जैसी प्रतिष्ठित इकाई में तैनात थे, जो आमतौर पर आतंकवाद विरोधी अभियानों और हाई-प्रोफाइल जांच के लिए जानी जाती है। माना जा रहा है कि गृह मंत्रालय ने वायरल वीडियो को ‘रणनीतिक चूक’ माना, क्योंकि इसमें ऑपरेशन की गोपनीयता भंग होती दिखी। हालांकि शुरुआत में लगा था कि युवाओं को दिल्ली ले जाने के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन ACP के इस अचानक तबादले ने विवाद को फिर से गरमा दिया है। बता दें कि 8 साल के करियर में ACP राहुल विक्रम ने कई ऑपरेशन को अंजाम दिया।

क्या था मामला?
यह विवाद तब शुरू हुआ जब दिल्ली पुलिस की टीम बिना स्थानीय हिमाचल पुलिस को सूचित किए शिमला के रोहड़ू में यूथ कांग्रेस के तीन पदाधिकारियों को हिरासत में लेने पहुंची। हिमाचल पुलिस ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया, जिससे दोनों राज्यों की पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें ACP राहुल विक्रम और स्थानीय पुलिस के बीच टकराव साफ दिख रहा था। दो स्थानों पर हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस को रोका।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक