शादी के 4 दिन बाद गहने लेकर फरार लुटेरी दुल्हन चढ़ी पुलिस के हत्थे
भोरंज उपमंडल में शादी का झांसा देकर एक युवक से 1.50 लाख की ठगीकरने वाली शातिर दुल्हन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ ही रिश्ता करवाने वाले व्यक्ति और दुल्हन की मौसी को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है। गौरतलब है कि 6 फरवरी को एक युवक से शादी के नाम पर एक लाख 50 हजार रुपए की ठगी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने महिला को जांच में शामिल होने के लिए कहा था, जिसके बाद थाना पहुंचने पर उसे गिरफ्तार किया गया है।भोरंज थाना में 6 फरवरी को जितेश शर्मा नामक युवक ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि शादी के नाम पर उससे 1.50 लाख की ठगी की गई है। उसने बताया कि बलदेव शर्मा निवासी खरसल, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी ने शादी करवाने की एवज में यह रकम ली थी।बलदेव शर्मा बबीता नामक युवती के साथ भोरंज कोर्ट में शादी करवाने के लिए आया था। लेकिन युवती के पास जन्म प्रमाणपत्र नहीं था, जिसके चलते वकील ने शपथ पत्र के माध्यम से शादी करवा दी। ठगों ने शिकायतकर्ता और उसके परिजनों को युवती के जन्म प्रमाणपत्र इत्यादि दस्तावेज जल्दी ही उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद जितेश और उसके परिजनों ने गांव के मंदिर में पूरे विधि-विधान से शादी की।
शादी के कुछ दिनों बाद ही दुल्हन घर से गहने लेकर यमुनानगर जाने की जिद करने लगी। उसने कहा कि उसकी मां आईसीयू में भर्ती है और उसे तुरंत जाना होगा। युवक जितेश उसे यमुनानगर छोड़कर वापस घर लौट आया, लेकिन इसके बाद दुल्हन ने ससुराल वालों के फोन उठाने बंद कर दिए। जब परिवार को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने महिला को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया था। जब वह भोरंज थाना पहुंची, तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही रिश्ता करवाने वाले बलदेव शर्मा और दुल्हन की मौसी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
वहीं एसपी भगत सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।