व्हाइट हाउस के बाहर चली गोली, ट्रंप की प्रेस कांफ्रेंस हुई प्रभावित
अमेरिका में व्हाइट हाउस (White House) के बाहर गोली चलने की घटना सामने आई है। जिस वक्त यह गोलीबारी हुई, उस वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रेस वार्ता कर रहे थे। उन्होंने स्वयं घटना की जानकारी पत्रकारों को दी। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग हुई है। हालांकि लगता है कि स्थिति नियंत्रण में है। मैं सीक्रेट सर्विस को त्वरित और प्रभावी कार्य करने के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा। किसी को अस्पताल ले जाया गया है। लगता है कि व्यक्ति को सीक्रेट सर्विस ने गोली मार दी। इसी के साथ ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों को उनकी कार्रवाई के लिए धन्यवाद भी दिया।
बताया जा रहा कि इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति की ब्रीफिंग भी कुछ प्रभावित हुई। उन्हें कुछ समय के लिए पोडियम से उतरने के लिए कहा गया। हालांकि, जल्द ही सिक्रेट सर्विस से जुड़े अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गोली मार दी। उसे अस्पताल ले जाया गया है। वहीं फायरिंग की पुष्टि सीक्रेट सर्विस की ओर से की गई है। ट्वीट में बताया गया कि 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू में हुई शूटिंग में एक अधिकारी शामिल था।


