विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बने बेटी के माता-पिता
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के घर बेटी का आगमन हुआ है। अनुष्का और विराट की बेटी का जन्म मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्प्ताल में आज दोपहर को हुआ। विराट कोहली ने पिता बनने की खुशखबरी सोशल मीडिया के जरिये दी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ”हम दोनों को यह बात बताते हुए खुशी हो रही है कि आज दोपहर हमारे यहां बेटी हुई है। हम आपके प्यार और मंगलकामनाओं के लिए दिल से आभारी है। अनुष्का और बेटी, दोनों बिल्कुल ठीक हैं।” विराट ने आगे लिखा, ”यह हमारा सौभाग्य है कि हमें इस जिंदगी का यह चैप्टर अनुभव करने को मिला। हम जानते हैं कि आप यह जरूर समझेंगे कि इस समय हम सबको थोड़ी प्राइवेसी चाहिए होगी।” बता दें कि काफी समय से विराट-अनुष्का अपने पहले बच्चे का इंतजार कर रहे थे। अब आखिरकार उनके घर किलकारी गूंज गई है।


