विद्या नेगी बनीं हिमाचल महिला आयोग की नई अध्यक्ष, सरकार ने जारी की अधिसूचना
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश महिला आयोग की नई अध्यक्ष के रूप में कुल्लू जिले की विद्या नेगी को नियुक्त किया है। इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा शुक्रवार को अधिसूचना जारी की गई है। यह पद पिछले अढ़ाई वर्ष से रिक्त चल रहा था। विद्या नेगी गांव शनाग, डाकघर बहांग, तहसील मनाली, जिला कुल्लू की निवासी हैं।अधिसूचना के मुताबिक उन्हें हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष पद पर तत्काल प्रभाव से तीन वर्षों के लिए नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग अधिनियम, 1996 की धारा 3 तथा 1999 में अधिसूचित सेवा नियमों के तहत की गई है। सरकार ने साफ किया है कि उनकी नियुक्ति की शर्तें व सुविधाएं पहले से निर्धारित नियमों के अनुसार ही रहेंगी। गौरतलब है कि राज्य महिला आयोग महिलाओं से जुड़े मामलों की जांच, सुझाव और सरकार को आवश्यक सिफारिशें देने वाली एक महत्वपूर्ण संस्था है। विद्या नेगी वर्तमान में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं। वह कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रही हैं।