लुधियाना में 4 वर्षीय बच्ची से पड़ोस में रहने वाले 13 वर्षीय किशोर ने किया दुष्कर्म
लुधियाना महानगर के टिब्बा रोड के गोपाल नगर इलाके में 13 वर्षीय किशोर ने 4 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। अब थाना टिब्बा पुलिस ने किशोर के खिलाफ दुष्कर्म व अन्य आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज करके उसे हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने यह केस बच्ची की मां के बयान पर दर्ज किया है।

30 वर्षीय महिला ने बताया कि वह घर में सिलाई का काम करती है। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। उसका पति मजदूरी का काम करता है। वह लोग किराये के मकान में रहते हैं। उनके सामने वाले कमरे में उनका जानकार परिवार रहता है। शनिवार दोपहर उसका पति बाजार से फल खरीद कर लाया था। वह लोग एक साथ बैठकर फल खा रहे थे।
महिला के मुताबिक इसी दौरान उसकी 4 वर्षीय बेटी सीढ़ियों पर बैठकर खेल रही थी। महिला ने बेटी को आवाज देकर अंदर आकर फल खाने के लिए कहा। मगर जब काफी बाहर आवाज लगाने पर बच्ची का कोई जवाब नहीं आया तो उसे देखने के लिए महिला सीढ़ियों की तरफ गई। वहां बच्ची को न पाकर वह सीढ़ियों के रास्ते छत पर चली गई।
महिला के मुताबिक उसने देखा कि उनके जानकार परिवार का उक्त 13 वर्षीय लड़का उसकी 4 वर्षीय बेटी के साथ गलत काम कर रहा था। उसकी बेटी जोर-जोर से रो रही थी। महिला ने किशोर को धक्का देकर अलग किया और बेटी को लेकर नीचे आ गई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने कहा कि बच्ची का सरकारी अस्पताल से मेडिकल करवाया जा रहा है, ताकि दुष्कर्म होने और न होने की पुष्टि की जा सके। आरोपित किशोर को आज ही अदालत में पेश किया जाएगा, ताकि रात होने से पहले उसे बाल सुधार गृह में भेजा जा सके।


