रोहडू में आग से बेघर हुए लोग, एक शख्स लापता, 2 बुरी तरह झुलसे
जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में दो दिन बाद फिर भयंकर अग्निकांड हुआ है। पेखा पंचायत के शिस्तवाड़ी गांव में मंगलवार सुबह चार बजे के करीब आग भड़क गई। बताया जा रहा है अग्निकांड के बाद एक शख्स लापता है। इसके अलावा आग बुझाते दो लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। अग्निकांड में दस परिवार बेघर हो गए हैं। बताया जा रहा है काफी मशक्कत के बाद अब आग पर काबू पा लिया गया है।
एसडीएम रोहड़ू ने इसकी पुष्टि की है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है व नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दो दिन के बाद ही शिमला के रोहड़ू उपमंडल में यह दूसरा बड़ा अग्निकांड है। डुग्याणी गांव में हुए अग्निकांड में एक बुजुर्ग महिला जिंदा जल गई थी। डुग्याणी की राख ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब पेखा में एक और बड़े हादसे ने लोगों को झकझोर दिया है।





