रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पूरे किए 100 गोल
स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 100 गोल पूरे कर लिए हैं। मंगलवार को यूएफा नेशंस लीग के मुकाबले में स्वीडन के खिलाफ गोल करके रोनाल्डो ने ये उपलब्धि पाई है। 35 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 165 मैचों में 100 गोल दाग कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल का शतक करने वाले यूरोप के पहले जबकि दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने का रिकॉर्ड ईरान के अली डाई के नाम दर्ज है, जिन्होंने 109 गोल किए हैं।
रोनाल्डो ने कहा, ‘‘मैं 100 गोल का टारगेट हासिल करने में सफल रहा। अब मेरा लक्ष्य 109 गोल के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ना है, जो ईरान के अली देई के नाम दर्ज है। मैं स्टेप बाई स्टेप अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा हूं। मैं जुनूनी नहीं हूं, क्योंकि मेरा मानना है कि रिकॉर्ड नेचुरल तरीके से आते हैं।’’
पांच बार वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए रोनाल्डो के नाम पर चैंपियन्स लीग में सर्वाधिक 131 गोल करने का रिकार्ड भी है जो उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी लियोनेल मेस्सी से 16 अधिक है। वह लगातार 17वें वर्ष अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में गोल करने में सफल रहे। पुर्तगाल के लिए अपने लंबे करियर में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने लिथुआनिया के खिलाफ सात, स्वीडन के खिलाफ 6, एंडोरा, आर्मेनिया, लातविया और लक्समबर्ग के खिलाफ पांच-पांच गोल किए।



