मुख्यमंत्री ने बद्दी में सतलुज टैक्सटाईल्स एण्ड इण्डस्ट्रीज़ लिमिटिड की दूसरी इकाई का विधिवत शुभारम्भ किया, इकाई में 600 व्यक्तियों को उपलब्ध होगा रोजगार । मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र के बद्दी में सतलुज टैक्सटाईल्स एण्ड इण्डस्ट्रीज़ लिमिटिड की दूसरी इकाई का विधिवत शुभारम्भ किया। इस इकाई के निर्माण पर 239 करोड़ रुपए व्यय हुए हैं। इस इकाई में 600 व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क स्थापित करने के 269 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को भारत सरकार से स्वीकृत करवाने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के लिए एक बल्क ड्रग पार्क स्थापित करने का मामला भी भारत सरकार से उठाया है तथा आशा व्यक्त की कि प्रदेश को यह पार्क स्वीकृत होगा, जिसमें 50 हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश और 15 से 20 हजार व्यक्तियों को रोज़गार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि लगभग 150 करोड़ रुपए के निवेश से स्थापित होने वाली इलैक्ट्राॅनिक मैन्यूफैक्चरिंग जोन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भी तैयार की गई है तथा शीघ्र ही इसे भारत सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
उद्योग, परिवहन तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का स्वच्छ पर्यावरण एवं भयमुक्त वातावरण निवेश के लिए उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए सतत् प्रयत्नशील है। उन्होंने उद्यमियों से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश करें।