Third Eye Today News

राज्यसभा चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस के 31 विधायक शिमला शिफ्ट

Spread the love

हरियाणा राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी पारा सातवें आसमान पर है। हरियाणा कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग और जोड़-तोड़ की आशंका के बीच अपने 31 विधायकों को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला भेज दिया है। सभी विधायक शुक्रवार को चंडीगढ़ से रवाना होकर शिमला के कुफरी क्षेत्र के एक निजी होटल में ठहराए गए हैं। विधायकों को कुफरी के गलू क्षेत्र स्थित होटल रेडिसन और ट्विन टावर में ठहराया गया है, जहां हिमाचल सरकार ने उनकी सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं और होटल के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को चंडीगढ़ में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर बैठक और लंच के बाद विधायक तीन लग्जरी टेंपो ट्रैवलर में शिमला के लिए रवाना हुए। देर शाम करीब आठ बजे सभी विधायक शिमला होते हुए कुफरी पहुंचे।

सूत्रों के अनुसार बैठक में विधायकों से यह भी पूछा गया कि क्या भाजपा या उससे जुड़े लोगों की ओर से वोट मांगने के लिए किसी का फोन आया है। कुछ विधायकों ने बताया कि परिचितों के फोन आए थे, लेकिन सिर्फ चुनाव की स्थिति को लेकर सामान्य बातचीत हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद जयप्रकाश और राज्यसभा प्रत्याशी कर्मवीर सिंह बौद्ध सहित सभी 37 विधायक मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में विधायकों को हाईकमान का संदेश देते हुए एकजुट रहने और क्रॉस वोटिंग से बचने की सलाह दी गई।

हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं। इनमें भाजपा के 48 और कांग्रेस के 37 विधायक हैं, जबकि इनेलो के दो और तीन निर्दलीय विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 31 वोटों की जरूरत होती है। भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट पर कांग्रेस समर्थित कर्मवीर बौद्ध और निर्दलीय उम्मीदवार सतीष नांदल के बीच मुकाबला माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक छह विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विनेश फोगाट, कुलदीप वत्स, मोहम्मद इलियास, परमवीर सिंह और चंद्रमोहन शिमला नहीं आए हैं। हरियाणा में 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाने हैं। तब तक सभी कांग्रेस विधायकों के शिमला में ही डटे रहने की सूचना है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक