रत्न सिंह पाल को जिताइए, अर्की का विकास करने में आनंद आएगा: जयराम ठाकुर
कांग्रेस को हिमाचल के नेताओं पर भरोसा नहीं, बाहर से बुला रहे प्रचारक: मुख्यमंत्री
‘कांग्रेस को बचाने आए सिद्धू-कन्हैया, पार्टी की और बुरी हालत हो गई’
‘सिद्धू ने राहुल गांधी को पप्पू के नाम से प्रसिद्ध किया’
कांग्रेस लोगों के पास जाकर सहानुभूति के नाम पर मांग रही वोट : जयराम ठाकुर

दाड़लाघाट।। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अर्की से बीजेपी प्रत्याशी रतन सिंह पाल के पक्ष में दाड़लाघाट में जनसभा को संबोधित किया। जयराम ठाकुर आज विपक्ष पर खूब हमलावर रहे। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर कई तीर साधे और कांग्रेस के स्टार प्रचारकों, खास तौर पर कन्हैया कुमार को आड़े हाथों लिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में उस व्यक्ति को स्टार प्रचाकर बनाया गया है जो सेना के जवानों को रेपिस्ट कहता है।
‘सिद्धू ने राहलु को पप्पू के नाम से किया प्रसिद्ध’
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा “ कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों को दूसरे प्रदेशों से बुलाया है। उन्हें हिमाचल के नेताओं पर भरोसा ही नहीं है। कांग्रेस में भविष्य देख कर कन्हैया और सिद्धू उस पार्टी में गए थे, लेकिन कांग्रेस की हालत और खराब हो गई।”

जयराम ठाकुर ने कहा “जिस सिद्धू ने राहुल गांधी को पूरे देश में पप्पू नाम लेकर प्रसिद्ध किया, उसी पार्टी में वो चले गए और कांग्रेस ने भी उन्हें ले लिया। जिस पार्टी का देश में कुछ नहीं बचा, उसे बचाने के लिए वो कन्हैया आया है जिस पर ये कहने का आरोप लगा कि भारत तेरे टुकड़े होंगे।”
इसके बाद हिमाचल कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस की यही दशा हिमाचल में हो गई है, आज इन्हें मालूम ही नहीं कि इनका नेता कौन है। मंडी में नॉमिशनेशन के दौरान आपस ही ये लोग आगे होने के लिए एक-दूसरे को धक्का देते रहे। सीएम ने कहा कि हिमाचल के लोग देवतुल्य हैं, वे एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने मुख्यमंत्री के गृह जिला में जाकर मुख्यमंत्री को ही गाली देने का काम किया।

दिवंगत नेताओं को मंच से दी श्रद्धांजलि
इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंच से दिवंगत विधायकों और सांसद रामस्वरूप शर्मा को याद किया। जयराम ठाकुर ने कहा इस साल हमने बहुत से वरिष्ठ नेतृत्व को खोया। उन्होंने पूर्व सांसद स्वर्गीय पंडित रामस्वरूप शर्मा, जुब्बल कोटखाई से पूर्व विधायक नरेंद्र बरागटा, फतेहपुर से कांग्रेस विधायक रहे स्वर्गीय सुजान सिंह पठानिया और अर्की से विधायक रहे वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा “वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ नेता थे। वो मुख्यमंत्री, विपक्ष के नेता, केंद्रीय मंत्री और अन्य दायित्वों का निर्वहन कर इस मुकाम पर पहुंचे थे। पिछली बार वो अर्की से जीत कर विधानसभा पहुंचे। आज वो हमारे बीच में नहीं है। अर्की विधानसभा क्षेत्र में विकास के बहुत से काम करने की आवश्यकता है। वीरभद्र सिंह को यहां से विधायक बनने के बाद शायद यहां आने का कम ही वक्त मिल पाया। जिस तरह आप लोग उम्मीद करते थे, वो स्वास्थ्य के कारण आपके बीच नहीं आ सके।”

