Third Eye Today News

मिल्कफेड के अध्यक्ष की नियुक्ति पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार जताया

Spread the love

कुल्लू जिला के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज ओक ओवर में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने बुद्धि सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड का अध्यक्ष नियुक्त करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दृढ़ प्रयास कर रही है, जिसमें मिल्कफेड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य की 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और सरकार उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले दो वर्ष के दौरान दूध के खरीद मूल्य में 21 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। इसके अलावा, हिमाचल सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती से पैदा गेहूं और मक्की की खरीद का सबसे अधिक समर्थन मूल्य निर्धारित किया है। प्रदेश में गेहूं के लिए 60 रुपये प्रति किलोग्राम और मक्की के लिए 40 रुपये प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। राज्य में हल्दी भी 90 रुपये प्रति किलोग्राम के समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना’ के तहत विधवाओं के 27 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क उच्च शिक्षा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा, विधवाओं और एकल महिलाओं को घर बनाने के लिए 3 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बुद्धि सिंह ठाकुर की कार्य के प्रति समर्पण भाव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई से उनकी और बृद्धि सिंह ठाकुर की राजनैतिक यात्रा एक साथ शुरू हुई थी। उन्होंने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनकी नियुक्ति से कुल्लू जिला को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से आनी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने का वायदा किया।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री की पहल की सराहना की। उन्होंने वर्ष 2023 में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान उनके नेतृत्व क्षमता को याद किया। उन्होंने कहा कि पूरा कुल्लू जिला मुख्यमंत्री के साथ दृढ़ता से खड़ा है।

 
मिल्कफेड के नवनियुक्त अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह पिछले 45 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और उनकी नियुक्ति से मुख्यमंत्री ने आनी विधानसभा क्षेत्र और पूरे कुल्लू जिला को सम्मान प्रदान किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह सरकार की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, पूर्व विधायक किशोरी लाल, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक