मां और दो बच्चों की गला काटकर कर हत्या, फ़ैली सनसनी

चंडीगढ़ में बुधवार रात एक ही परिवार के 3 सदस्यों की गला काटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मनीमाजरा इलाके में अज्ञात हमलावरों ने महिला और उसके दो बच्चों की गला काटकर हत्या कर दी। वहीं महिला का पति गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रात में करीब दो बजे उन्हें मनीमाजरा में तीन लोगों के हत्या की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो ताला खुला हुआ था और शव को अपने कब्जे में लिया। मृतकों की पहचान सरिता (45), बेटा अर्जुन (16) और बेटी सांची (22) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल संजय अरोड़ा भी पीजीआई में भर्ती हैं।

पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है। हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। आसपास के घरों से सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है। चंडीगढ़ पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे मामले को सुलझा लिया जाएगा और हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे। बताया जा रहा है कि संजय अरोड़ा का डेरी का व्यवसाय है।

