मणिपुर: म्यांमार बॉर्डर के पास असम राइफल्स पर हमला, तीन जवान शहीद
मणिपुर के चंदेल में म्यांमार बॉर्डर के पास असम राइफल्स के जवानों पर बड़ा हमला हुआ है। इस हमले में 3 शहीद हो गए हैं और 5 की हालत नाजुक है। स्थानीय समूह पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के आतंकवादियों द्वारा जवानों पर पहले आईईडी ब्लास्ट किया गया और फिर फायरिंग की गई। ये जवान म्यांमार बॉर्डर पर पेट्रोलिंग करने गए थे। 15 जवान रात में गश्त करने के बाद सुबह लौट रहे थे, उसी वक्त बॉर्डर के पार आईईडी ब्लास्ट किया गया। बताया गया कि घायल सैनिकों को इंफाल पश्चिम जिला स्थित मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने कहा कि मणिपुर की राजधानी इंफाल से 100 किलोमीटर दूर हमले वाली जगह पर अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है। माना जाता है कि अलगाववादी संगठन चीन से नियमित रूप से वित्तीय सहायता और हथियार प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उसे उत्तर-पूर्व में अपने नेटवर्क को बनाए रखने में मदद मिली है।


