भारतीय सेना के सम्मान में भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा
भारत पाकिस्तान के बीच हुई जंग में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। सेना के शौर्य और पराक्रम को हर भारतीय नमन कर रहा है। इसी कड़ी में भाजपा देश भर में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। शिमला में भी सिटीजन फॉर नेशनल सिक्योरिटी फोरम के बैनर तले भाजपा व आम नागरिकों ने तिरंगा यात्रा निकाली। डीसी ऑफिस से शुरू हुई तिरंगा यात्रा लोअर बाज़ार, मॉल रोड़ होते हुए रिज मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने खत्म हुई।
इस तिरंगा यात्रा का आयोजन भारतीय जनता पार्टी शिमला के सहयोग से किया गया।जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिक, सामाजिक संगठन, व्यापार मंडल, महिला मंडल, युवक मंडल, छात्र संगठन और विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के लोग शामिल हुए। यात्रा का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता जय ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने किया। विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने कहा कि यह यात्रा भारत की सेना के सम्मान में निकाली गई है।
भारतीय सेना ने अपने पराक्रम से पाकिस्तान को कई बार झुकाया और इस बार भी घुटनों पर लाया है। पहलगाम की घटना के बाद भारतीय सेना ने जिस तरह पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया वह सराहनीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। युद्ध अभी केवल रुका है अगर पाकिस्तान कोई आतंकी हमला करता है तो भारतीय सेना उसका उसी भाषा में जवाब देगी।