भांजे ने पेंशन की रकम पर किया हाथ साफ, मामला दर्ज
राजधानी शिमला में एक महिला के अपने ही भांजे ने उसके बैंक खाते से साढ़े तीन लाख रुपए धोखाधड़ी से निकाल लिए। यह राशि पीड़िता की पेंशन की थी, जिसे आरोपी ने अपनी पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया। घटना सामने आने के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके आधार पर ढली थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भांजा रहता था साथ, बैंकिंग जानकारी का उठाया फायदा
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिमला जिले के जुंगा क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भांजा काफी समय से उनके साथ ही रह रहा था। इसी दौरान उसने उनकी बैंकिंग जानकारी हासिल कर ली और फिर चुपचाप उनके खाते से 3,50,000 रुपए निकालकर अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि यह रकम उनकी पेंशन की थी, जिसे उन्होंने भविष्य के लिए संभालकर रखा था। लेकिन उनके भांजे ने विश्वासघात करते हुए यह पैसा निकाल लिया। जब उन्होंने अपने बैंक खाते का स्टेटमेंट चेक किया तो पता चला कि उनके खाते से बड़ी रकम निकाली जा चुकी है।
जब पीड़िता ने इस बारे में अपने भांजे से पूछताछ की तो उसने सही जवाब देने से बचने की कोशिश की और बात को टालता रहा। इससे पीड़िता को शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उन्होंने तुरंत ढली थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी।