प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मशाल जुलूस में शामिल हुए मुख्यमंत्री

Spread the love

अनैतिक तरीकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने के केंद्र के प्रयासों की निंदा की

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आज हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शिमला के रिज मैदान तक निकाले गये मशाल जुलूस में शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यह कैंडल मार्च कथित तौर पर असंवैधानिक तरीकों का उपयोग करते हुए राज्य सरकार को अस्थिर करने की कोशिशों के लिए भाजपा नेतृत्व के खिलाफ निकाला जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल हुए। यह मशाल जुलूस अम्बेदकर चौक, चौड़ा मैदान में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने अनैतिक तरीके अपनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का प्रयास किया। भाजपानीत केन्द्र सरकार द्वारा सरकारी तंत्र का दुरूपयोग कर लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राज्य सरकार को आघात पहुंचाने तथा जनमत की अनदेखी करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने सत्ता में रहते हुए राज्य के संसाधनों का जम कर दुरूपयोग किया तथा उनके आर्थिक कुप्रबंधन से प्रदेशवासियों पर कर्ज का भारी बोझ बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि हम सत्ता सुख के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं। इसी भावना से कार्य करते हुए प्रदेश सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में राजस्व बढ़ाने के सफल प्रयास किए हैं। इस दौरान अपनी पांच चुनावी गारंटियों को पूरा करते हुए युवा, महिला, किसान व कर्मचारियों सहित प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाया है। उन्होंने दोहराया कि जनता द्वारा चुनी गई कांग्रेस सरकार अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी।
मशाल जुलूस में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह, सभी कैबिनेट मंत्री, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, मुख्य संसदीय सचिव, विधायकगण, विभिन्न पार्टी पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक