पहले बनेंगी जिला और ब्लॉक की कार्यकारिणीयां, उसके बाद होगा प्रदेश कार्यकारिणी का गठन
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने स्पष्ट किया है कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश में सबसे पहले जिला और ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणीयां गठित की जाएगी, जिसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। अध्यक्ष पद संभालने के बाद पहली बार मंडी पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मंडी आगमन के उपरांत विनय कुमार ने मंत्रियों एवं वरिष्ठ नेताओं के साथ पड्डल मैदान का दौरा कर आगामी जन संकल्प सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव भले ही पार्टी सिंबल पर न होते हों, लेकिन जीतने वाले ज्यादातर उम्मीदवार कांग्रेस समर्थित होंगे, जिससे संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनावों से पहले जिला और ब्लॉक कार्यकारिणीयों का गठन कर दिया जाएगा, जबकि प्रदेश कार्यकारिणी का गठन चुनावों के दौरान संभावित है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जिलाध्यक्ष वही बनेगा जिसे पार्टी हाईकमान उपयुक्त मानकर जिम्मेदारी सौंपेगा। इसके लिए संगठन सृजन अभियान के तहत वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां दी गई थी और प्रदेशभर के ऊर्जावान कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी भी जताई है। अंतिम निर्णय हाईकमान ही करेगा।
भाजपा पर निशाना साधते हुए विनय कुमार ने कहा कि गुटबाजी कांग्रेस में नहीं, बल्कि भाजपा में है। उन्होंने धर्मशाला में हाल ही में हुई भाजपा रैली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हर गुट के नेता अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट होकर एक ही छत और एक ही झंडे के नीचे संगठन को मजबूत करने में जुटी है।
![]()
