पर्यावरण संरक्षण के साथ ही सतत् विकास सम्भव – डाॅ. शांडिल
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डाॅ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से सबक लेकर हमें भविष्य में पर्यावरण संरक्षण को अधिमान देते हुए निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध करना होगा। डाॅ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत काहला तथा सायरी के विभिन्न क्षेत्रों में गत दिनों भारी वर्षा से हुए नुकसान का जायज़ा लेने के उपरांत प्रभावित परिवारों से बातचीत कर रहे थे।
डाॅ. शांडिल ने कहा कि प्रकृति से पार पाना सम्भव नहीं है। इसलिए यह आवश्यक है कि प्रकृति के साथ तालमेल स्थापित कर विकास कार्योें को गति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विकास को गति प्रदान करना आवश्यक है। इस दिशा में आमजन का साथ जरूरी है। स्वास्थ्य मंत्री इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के साथ है और प्रभावितों केे नुकसान की भरपाई के लिए यथा संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

