पंजाब के युवकों की हुड़दंगबाजी… तलवारें लहराई एक घा.य.ल, FIR
किरतपुर-मनाली फोरलेन पर टकोली टोल प्लाजा पर देर शाम उस समय अफरातफरी मच गई जब पंजाब से आए युवकों और स्थानीय लोगों के बीच टोल को लेकर तीखा विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया और तलवारें तक लहराई गईं। घटना में एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दोनों पक्षों के कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात लगभग साढ़े आठ बजे जालंधर (पंजाब) के रहने वाले चार युवक लग्जरी वाहन थार में मनाली से लौट रहे थे। जब वे टकोली टोल प्लाजा पहुंचे, तो टोल शुल्क देने से इनकार कर दिया। इस पर टोल कर्मियों से उनकी बहस हो गई। बहस बढ़ते-बढ़ते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई और युवकों ने हुड़दंग करते हुए तलवारें लहराईं।
इस दौरान वहीं पास में खड़े स्थानीय ग्रामीण विपिन कुमार पर हमला हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। विपिन को सिर और आंख में चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने मौके से भागने के प्रयास में भीड़ पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की, जिससे वहां अफरा तफरी फैल गई।