नाहन: 50KG चावल की बोरी सिर पर ढो रही महिला MDM वर्कर, स्कूल प्रबंधन उठे सवाल
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर खोल स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला झिल बांका बाड़ा से एक वीडियो सामने आया है, जिसने मिड डे मील व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो में मिड डे मील वर्कर महिला प्रसन्नी देवी अपने सिर पर 50 किलो चावल की बोरी उठाकर स्कूल तक ले जाती हुई दिखाई दे रही हैं। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा यह कार्य मिड डे मील वर्कर से कराया जाता है, जबकि खाद्यान्न ढुलाई के लिए अलग से बजट उपलब्ध होता है।
जानकारी के अनुसार मिड डे मील का राशन वाहन से स्कूल से कुछ दूरी पर उतारा जाता है। वहां से स्कूल परिसर तक पहुंचाने के लिए किसी मजदूर की व्यवस्था करने के बजाय यह काम मिड डे मील वर्कर से ही करवाया जा रहा है। इसके बदले उन्हें कोई अतिरिक्त भुगतान भी नहीं किया जाता।महिला वर्कर प्रसन्नी देवी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह चावल की बोरी सिर पर उठाकर लाती नजर आ रही हैं।
उधर, जब इस संबंध में स्कूल के मुख्य अध्यापक से बात की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि महिला ने करीब 200 मीटर की दूरी से चावल की बोरी उठाकर लाई थी। हालांकि उनका कहना है कि उन्होंने मिड डे मील वर्कर से बोरी मंगवाने को कहा था, लेकिन वह स्वयं उठाकर ले आईं। मुख्य अध्यापक ने यह भी कहा कि वह पहले भी इस तरह सामान लेकर आती रही हैं।
![]()
