धोनी BCCI की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से हुये बाहर, करियर पर पड़ सकता है असर


भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर कर दिया है। बीसीसीआई के इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि धोनी के लिए राष्ट्रीय टीम में खेलने का रास्ता अब मुश्किल हो गया है। धोनी को क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी सूची के किसी भी कैटिगरी में जगह नहीं दी गई है। कहा जा रहा है कि धोनी को एक फेयरवेल मैच का मौका मिल सकता है। वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा शीर्ष ग्रेड में बरकरार हैं। धोनी पिछले साल तक ए ग्रेड में थे जिन्हें सालाना पांच करोड़ रूपये मिलते थे। कप्तान विराट कोहली, उपकप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ए प्लस ग्रेड में बने हुए हैं जिन्हें सात करोड़ रूपये प्रतिवर्ष मिलते हैं। दरअसल, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने जुलाई 2019 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं खेला है। पिछले कई महीनों से यह अटकलें लगाईं जा रहीं हैं कि धोनी जल्द ही संन्यास की घोषणा कर सकते हैं।



