धर्मपुर में चोरी के गहने खरीदने वाला सुनार पिंजौर से गिरफ्तार
धर्मपुर थाना क्षेत्र में सोने-चांदी के गहनों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका था। जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तार आरोपी ने चोरी किए गए गहनों को हरियाणा के पिंजौर में एक सुनार की दुकान में बेचा था। इस सूचना के आधार पर पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिंजौर से आरोपी सुनार को गिरफ्तार कर लिया।
पिंजौर में बेचे गए थे चोरी के जेवर….
पुलिस की जांच में यह सामने आया कि चोरी के गहनों को बेचने के लिए आरोपी ने हरियाणा के पिंजौर का रुख किया था। पिंजौर में शिव शक्ति कॉलोनी निवासी अशोक कुमार (62 वर्ष), पुत्र राकेश ने ये गहने अपनी दुकान में खरीदे थे। पुलिस को जैसे ही इस बारे में जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसे अन्वेषण में शामिल किया।
पिघला दिए गए थे चोरी के गहने…
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी सुनार अशोक कुमार ने बताया कि उसने चोरी के गहनों को पिघला दिया था। हालांकि, पुलिस ने पिघले हुए सोने-चांदी को बरामद कर लिया है, जिससे आगे की जांच में मदद मिलेगी।
गिरफ्तार सुनार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 35(3) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा, यह भी जांचा जा रहा है कि आरोपी सुनार पहले भी चोरी के गहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल रहा है या नहीं।