दो बच्चों की मां ने पब्बर नदी में लगाई छलांग, शव बरामद
दो बच्चों की मां ने पब्बर नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। महिला का शव बरामद कर लिया गया है। महिला ने ये आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। मामला रोहड़ू उपमंडल के चिडग़ांव थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक चिडग़ांव के बडियारा में बुधवार दिन 11:30 बजे महिला ने पब्बर नदी में छलांग लगा दी। इसका पता लगते ही स्थानीय लोगों समेत चिडग़ांव पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पब्बर नदी में करीब 3 घण्टे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में महिला का शव बरामद हुआ। मृतक महिला की पहचान 29 वर्षीय पूजा पत्नी रमन निवासी चिडग़ांव के रूप में हुई है। मृतक महिला की 4 साल की बेटी और 9 माह का बेटा है। महिला का पति बागवान है।
डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने बताया कि महिला के शव को नदी से निकाल लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।