देहरा में HRTC बस व बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौ..त
जनपद के देहरा क्षेत्र में NH-503 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। निर्माणाधीन केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा के समीप तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल (पल्सर NS-200) पर सवार होकर देहरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में उसकी भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक देहरा क्षेत्र के कनोल गांव के निवासी थे और उनकी आयु लगभग 22 और 23 वर्ष बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। बस चालक राकेश कुमार ने बताया कि वह होशियारपुर से धर्मशाला की ओर बस लेकर जा रहा था। देहरा से लगभग तीन किलोमीटर आगे वह एक स्कूल बस को धीरे-धीरे पार कर रहा था। उसी समय सामने से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आई और सीधे बस से टकरा गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सड़क पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले लगभग पंद्रह दिनों के भीतर देहरा क्षेत्र में यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले खबली दोसड़का में मोटरसाइकिल के पेड़ से टकराने से 17 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई थी, जबकि देहरा के हनुमान चौक के पास 132 केवी उपकेंद्र के नजदीक बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की जान चली गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों के पीछे तेज रफ्तार को मुख्य कारण माना जा रहा है।
![]()
