देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 12 हजार 881 संक्रमित मामले आए सामने
भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) का मामला तेजी से बढ़ता जा रहा है। देश में संक्रमित लोगों की संख्या 3 लाख 66 हजार पार कर गई है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 12 हजार 881 से मामले सामने आए हैं और 334 लोगों की मौत हुई है। वहीं कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का चौथा सबसे प्रभावित देश है। अमेरिका, ब्राजील, रूस के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में भारत चौथे स्थान पर आ गया है। भारत से अधिक मामले अमेरिका (2,233,957), ब्राजील (960,309), रूस (553,301) में हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक 3 लाख 66 हजार 946 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 12237 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक लाख 94 हजार लोग ठीक भी हुए हैं। इस वक्त 1 लाख 60 हजार 384 कोरोना के एक्टिव केस हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। दूसरे नंबर पर दिल्ली है। तीसरे नंबर पर तमिलनाडु, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं।

