देर रात जयराम सरकार में हुआ बड़ा फेरबदल, जाने किस मंत्री को मिला कौन सा विभाग
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मंत्रिमंडल में सभी सदस्यों की नियुक्ति के शुक्रवार देर रात कर दी गई। इसके साथ मंत्रियों के लिए विभाग भी तय कर दिए गए। मुख्यमंत्री ने 2022 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपने मंत्रियों के विभागों की सूची राज्यपाल से मंजूर करवा ली। इसके तहत प्रदेश सरकार ने पहली श्रेणी के मंत्री महेंद्र सिंह को पुराने विभागों के अलावा राजस्व विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। सरवीरण चौधरी के पर कतर कर उनको सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। इसी तरह सुरेश भारद्वाज को अब शहरी विकास एवं आवास के साथ सहकारिता विभाग का अतिरिक्त तौर पर सौंपा गया है जबकि उनसे शिक्षा महकमे को वापस लेकर उसे गोविंद सिंह ठाकुर को सौंपा गया है। डॉ. राजीव सहजल अब नए स्वास्थ्य एवं आयुर्वैद मंत्री होंगे। डॉ. रामलाल मारकंडा के विभाग में बदलाव करके उनसे कृषि विभाग वापस लिया है तथा तकनीकी शिक्षा विभाग अतिरिक्त तौर पर सौंपा गया है। उद्योग मंत्री विक्रम सिंह से तकनीकी शिक्षा को वापस लेकर उन्हें परिवहन विभाग का दायित्व सौंपा गया है। नए बने मंत्री सुखराम चौधरी को मुख्यमंत्री ने अपने पास से ऊर्जा और राजेंद्र गर्ग को खाद्य आपूर्ति विभाग दिया है। वहीं, राकेश पठानिया को वन एवं युवा खेल विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।

