दिल्ली रेलवे स्टेशन में मची भगदड़ में 18 लोगों की मौ..त, CM सुक्खू ने व्यक्त किया शोक
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।बता दे कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात महाकुंभ के लिए प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोगों की मृत्यु हो गई, जिनमें 14 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
हादसा प्लेटफॉर्म नंबर 13, 14 और 15 के बीच हुआ, जहां शाम 4 बजे से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। रात करीब 8:30 बजे प्रयागराज जाने वाली तीन ट्रेनें लेट हो गईं, जिससे भीड़ और बढ़ गई। चश्मदीदों के अनुसार, ट्रेन के प्लेटफार्म बदलने की घोषणा से अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।
रेलवे ने घटना की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है, जिसमें उत्तर रेलवे के अधिकारी नरसिंह देव और पंकज गंगवार शामिल हैं। समिति ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सभी सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित करने का आदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित कई नेताओं ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वे इस घटना से व्यथित हैं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।