टॉपर का सम्मान, प्रशासन ने अन्वी सिंह को बनाया एक दिन का डीसी
मंडी जिला प्रशासन ने शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को प्रेरित करने और मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए एक और पहल शुरू की है। जिला प्रशासन ने इस अभिनव पहल को ’’डीसी फॉर ए डे’’ नाम दिया है। शुक्रवार को सरकाघाट उपमंडल के डून गांव की अन्वी सिंह एक दिन की डीसी बनी। अन्वी सिंह इस साल के दसवीं के परिणामों में प्रदेश भर में चौथे और मंडी जिला की टॉपर रही है।शुक्रवार सुबह 9 बजे डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने अन्वी का स्वागत किया। इस अवसर पर उनके पिता विक्रम सिंह और दादा भी मौजूद रहे।
डीसी की कुर्सी संभालते ही अन्वी को प्रशासनिक कार्यों की पहली जिम्मेदारी भूकंप पूर्वाभ्यास की निगरानी की मिली। उन्होंने वीसी कक्ष में अधिकारियों से परिचय के बाद पूर्वाभ्यास की समीक्षा की। अन्वी ने उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का दौरा कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली और लोगों की शिकायतें भी सुनीं। अन्वी ने इस पूरे अनुभव को अपने जीवन का यादगार दिन करार दिया। उन्होंने कहा कि आज उन्हें प्रशासनिक तंत्र को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिला। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने भी उन्हें प्रशासनिक दायित्वों को समझाने में पूरा मार्गदर्शन दिया।डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि बच्चों को जीवन में आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा ‘अपना विद्यालय’, ‘अपना पुस्तकालय’ जैसे अभियानों के साथ अब ‘डीसी फॉर ए डे’ की पहल शुरू की गई है। स्कूली बच्चों को यदि समय पर सही मार्गदर्शन मिले तो वे सभी उचांईयों को छू सकते हैं। अन्वी ने आज जम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का सफल निर्वहन किया। उन्होंने अन्वी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।