जल जीवन मिशन फेज-3 में बनेंगी 108 पेयजल योजनाएं,खर्च होगी 24 करोड़ 24 लाख की राशि- उपायुक्त

चंबा- जल जीवन मिशन फेज- 3 के तहत चंबा जिला में 108 पेयजल स्कीमों को तैयार किया जाएगा जिन पर 24 करोड़ 24 लाख रूपए की राशि खर्च होगी। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला स्तरीय जल एवं स्वच्छता मिशन समिति विवेक भाटिया ने आज जल जीवन मिशन फेज-3 के प्रपोजल की मंजूरी के लिए चंबा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि फेज- 3 के तहत चंबा मंडल में 21 स्कीमों पर 4 करोड़ 37लाख , भरमौर में 32 स्कीमों पर 7 करोड़ 40 लाख , सलूणी में 3 स्कीमों पर 7 करोड़ 47 लाख , तीसा में 4 स्कीमों पर 1करोड़ 14 लाख रूपए जबकि डलहौजी मंडल में 48 स्कीमें पर 3 करोड़ 86 लाख की राशि खर्च की जाएगी।



उन्होंने बताया कि इन सभी 108 स्कीमों के पूरा हो जाने के बाद जिले के 1092 गांवों के पेयजल उपभोक्ताओं को पेयजल की सुविधा प्राप्त होगी। इनमें चंबा मंडल के 75, भरमौर के 709, सलूणी के 51, तीसा के 92 जबकि डलहौजी मंडल के 165 गावों शामिल हैं और इनमें कुल 23177 नल लगेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय जल एवं स्वच्छता मिशन समिति की मंजूरी के बाद अब इस प्रपोजल को राज्य स्तरीय समिति को भेजा जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि जल जीवन मिशन के फेज-1 और फेज-2 के तहत जिले में कुल 129 स्कीमें तैयार की जा रही हैं।



