छोटे भाई ने दागी गोली, बड़े भाई की मौत व भाभी की हालत गंभीर, पिता की बंदूक को लेकर हुआ था विवाद
कांगड़ा :
पुलिस थाना गगल के तहत गांव केटलू में बड़ी वारदात सामने आई है। केटलु गांव में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और भाभी पर गोली दाग दी। इस वारदात में आरोपित के भाई की मौत हो गई है व भाभी को टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन किया गया है, जिसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। गगल पुलिस थाना की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
यह वारदात रात काे पेश आई है। पवन कुमार चौधरी पुत्र पाला राम निबासी गाव केटलु ने अपने बड़े भाई 58 वर्षीय रूमी कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। भाभी पुष्पा देवी गोली के छर्रे लगने से घायल है। गगल पुलिस थाना के प्रभारी मेहर दीन ने बताया उपरोक्त दोनों सगे भाइयों में अकसर झगड़ा होता रहता था। बीती रात भी आरोपित पवन कुमार अपने भाई रूमी के घर आया और किसी बात को लेकर गाली गलौज करने लगा।
दोनों में पिता द्वारा ली गई बंदूक को लेकर खूब बहस हुई। पिता की मृत्यु के बाद उपरोक्त बंदूक रूमी कुमार के नाम पर है। आरोपित ने कहा पिता की बंदूक पर उसका भी हक है। काफी बहस के बाद वो उनके घर से चला गया। थोड़ी देर बाद चुपके से बंदूक को घर से उठाकर ले गया। रात को जब उसका भाई रूमी व उसकी पत्नी पुष्पा लघु शंका के लिए बाहर आये थे और आंगन में चले थे तो पवन कुमार ने उसी बंदूक से आंगन में खड़े होकर उन पर फायर कर दिया। जिस पर उपरोक्त दोनों को घायल अवस्था में टांडा मेडिकल काॅलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने रूमी कुमार को मृत घोषित कर दिया व उसकी पत्नी को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर लिया गया है, जिसकी अभी हालत स्थिर है।