चंबा बस हादसे में 8 लोगों की गई जान, मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख
चंबा जिले में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां एक निजी बस खाई में जा गिरी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, बताया जा रहा है कि 10 लोग घायल हैं। जिन्हें चंबा अस्पताल में उपचाराधीन किया गया है। मौके पर पुलिस- प्रशासन और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह बस बोदरी से चंबा जा रही थी और कलौणी व तीसा के बीच खाई में जा गिरी। निजी बस में 20-25 लोग सवार थे। शुरुआती जांच में हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन अंदेशा लगाया जा रहा है कि चालक गाड़़ी से नियंत्रण खो बैठा और बस खाई में जा गिरी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित विधानसभा उपाध्यक्ष एवं चुराह के विधायक हंसराज ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा हादसे में मृतकों के परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा घायलों को भी हरसंभव मदद दी जाएगी।