घर में रात को सो रहा था परिवार और तेंदुआ घुस गया कमरे के अंदर, फिर ………
जिला सिरमौर के धगेड़ा बीट के मधोली गांव में रात के समय एक तेंदुआ घर में जा घुसा। जिस समय तेंदुआ घर में घुसा सतपाल और उनका परिवार अंदर सो रहे थे। गनीमत यह रही कि तेंदुए ने सोए परिवार को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। लेकिन, जैसे ही रात को कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। सतपाल ने देखा कि तेंदुआ उसके घर में घुसा है। इसी बीच तेंदुए की पूंछ लगने से अचानक दरवाजा बंद हो गया। हालांकि जिस कमरे में तेंदुआ घुसा, वहां सतपाल के परिवार का कोई सदस्य नहीं सोया था।
जिसके बाद सतपाल ने तुरंत ही उस दरवाजे को बाहर से लॉक कर दिया। इसके बाद रातभर परिवार चैन की नींद नहीं सो पाया। सुबह होने पर वन विभाग को तेंदुए के घर में घुसने की जानकारी दी गई। इसके बाद डीएफओ सौरव व आरओ सुरेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे। साथ ही वन्य प्राणी विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ट्रैंकूलाइजर गन से तेंदुए को बेहोश कर रेस्क्यू किया गया। तब जाकर ग्रामीणों की जान में जान आई। इसके बाद तेंदुए को पिंजरे में बंद कर सिंबलबाड़ा सेंचुरी में छोड़ दिया।