खाई में गिरी कार, हादसे में पुलिस कांस्टेबल की मौत
शिमला: जिला के रोहड़ू उपमंडल के भमनोली डांक के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चला रहे पुलिस कांस्टेबल की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना बुधवार रात आठ बजे के करीब हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रोहड़ू पुलिस स्टेशन में कांस्टेबल के पद पर तैनात रामपुर निवासी जय सिंह (36) ऑल्टो (एचपी 06ए 4280) में सवार होकर घर जा रहे थे।
स्थानीय लोगों ने हादसे का धमाका होते ही पुलिस को सूचित किया। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक कांस्टेबल दम तोड़ चुका था। मृतक जय सिंह साल 2006 में पुलिस में भर्ती हुए थे। साल 2008 से वह रोहड़ू थाने में सेवारत थे। वह अपने पीछे पत्नी और एक बच्चा छोड़ गए हैं। रोहड़ू के डीएसपी सुनील नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि शव को पोस्टमार्टम के उपरांत आज परिजनों को सौंप दिया गया है।



