कोलकाता में महिला डॉक्टर से हुए जघन्य अपराध के विरोध में पूरे देश में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है और धरने-प्रदर्शनों का दौर जारी है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के डॉक्टर भी एक दिन की हड़ताल पर चले गए हैं। शनिवार को राज्य के सभी जिलाें में सरकारी और निजी अस्पतालों के डॉक्टरों ने महिला डॉक्टर से हुए जघन्य अपराध के विरोध में धरने-प्रदर्शन किए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। उधर, डॉक्टरों की हड़ताल के चलते अस्पतालों में आपताकालीन सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी स्वास्थ्य सेवाएं ठप्प रहीं, जिसके चलते मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

