कांग्रेस सरकार और संगठन में फिर दिखी तालमेल की कमी, दो साल के जश्न की नहीं कोई जानकारी
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार और संगठन के बीच तालमेल की कमी एक बार फिर उजागर हो गई है। प्रदेश सरकार अपने दो साल के कार्यकाल का जश्न बिलासपुर में मनाने की तैयारी कर रही है, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, और राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित करने का प्रस्ताव है। इसको लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बिलासपुर के नेताओं के साथ बैठक भी की है।
चौंकाने वाली बात यह है कि कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को इस कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं है। प्रतिभा सिंह ने कहा, “मुझे सरकार के इस जश्न के बारे में कोई जानकारी नहीं है, न ही मुख्यमंत्री या किसी अन्य ने इस संबंध में मुझसे बात की है।
प्रतिभा सिंह के इस इस बयान से साफ है कि सरकार और संगठन में अभी भी तालमेल की कमी है, तभी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को कार्यक्रम और इसमें शामिल होने वाले लोगों की जानकारी तक नहीं है।प्रदेश सरकार का यह कार्यक्रम जहां जश्न का माहौल तैयार करने का उद्देश्य रखता है, वहीं पार्टी के भीतर इसे लेकर असंतोष और संगठनात्मक असामंजस्य चर्चा का विषय बन गया है।