Third Eye Today News

कांग्रेस महिला विरोधी नीतियाँ बनाने में अव्वल, हिमाचल की महिलाओं से वादे भी छीने और सुविधाएँ भी

Spread the love

शिमला, भाजपा महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश की अध्यक्षा  डेज़ी ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला विरोधी नीतियाँ बनाने और लागू करने में सबसे आगे है। चुनावों से पहले महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का झूठा वादा करने वाली कांग्रेस सरकार आज तक हिमाचल की महिलाओं को यह राशि नहीं दे पाई और अब एचआरटीसी बस सेवा में महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं को भी छीनने का काम कर रही है।
डेज़ी ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लगभग 28 लाख महिलाएँ हैं, जिन्हें भाजपा सरकार के कार्यकाल में सरकारी बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट की सुविधा मिलती थी। लेकिन कांग्रेस सरकार ने अब इस छूट को एक नए “हिम बस कार्ड” से जोड़ दिया है, जिसके लिए महिलाओं को 200 रुपये (GST सहित 236 रुपये) शुल्क देना पड़ रहा है। पहले यह व्यवस्था नहीं थी।
उन्होंने कहा कि अभी तक बहुत कम महिलाओं ने यह कार्ड बनवाया है और अब जब महिलाएँ बसों में सफर करेंगी तो कार्ड न होने की स्थिति में उन्हें छूट नहीं मिलेगी। इससे प्रदेश की महिलाओं, विशेषकर ग्रामीण, गरीब, कामकाजी और बुजुर्ग महिलाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस सरकार ने इस कार्ड को लागू कर महिलाओं पर अतिरिक्त आर्थिक और प्रशासनिक बोझ डाल दिया है।
डेज़ी ठाकुर ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक ओर देश के कई राज्य महिलाओं को पूरे वर्ष मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दे रहे हैं, वहीं हिमाचल की कांग्रेस सरकार महिलाओं से पहले से मिली रियायतें भी छीन रही है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि:
दिल्ली में महिलाएँ डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर रही हैं।
कर्नाटक (शक्ति योजना), तेलंगाना (महालक्ष्मी योजना), पंजाब, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश (स्त्री शक्ति योजना) जैसे राज्यों में महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध है।
कांग्रेस शासित हिमाचल सरकार को इन राज्यों से सीख लेनी चाहिए, न कि महिलाओं की सुविधाएँ खत्म करनी चाहिए।
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्षा ने कहा कि सरकार यह तर्क दे रही है कि हिम बस कार्ड से पारदर्शिता आएगी और निगम को बचत होगी, लेकिन यह बचत महिलाओं की जेब पर बोझ डालकर की जा रही है। कार्ड की एक साल की वैधता, फिर हर साल नवीनीकरण शुल्क और होम डिलीवरी के लिए अतिरिक्त चार्ज—ये सभी बातें कांग्रेस सरकार की महिला विरोधी सोच को उजागर करती हैं।
डेज़ी ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भाजपा महिला मोर्चा कांग्रेस सरकार की इस जनविरोधी और महिला विरोधी नीति का पुरजोर विरोध करेगा। उन्होंने मांग की कि हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को बिना किसी शुल्क और कार्ड की बाध्यता के एचआरटीसी बसों में पूर्व की तरह रियायती या मुफ्त यात्रा सुविधा तत्काल बहाल की जाए।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक