कांग्रेस नेता कर रहे सैलेरी दान, जबकि घोटाले में आ रहा भाजपा नेता का नाम- जिला कांग्रेस
हिमाचल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं नादौन से विधायक ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कोरोना संक्रमण काल में एक रूपया टोकन मनी के रूप में वेतन लेने का इच्छापत्र विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार को सौंप दिया है। जहां एक और राजनीति व्यापार बनती जा रही है औऱ उसमे नैतिक मूल्यों का पतन बहुत तेज़ी से हो रहा है ऐसी परिस्थिति में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू एक मिसाल बन कर उभरे हैं। यह बात सोलन जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव रोहित शर्मा, प्रदेश कांग्रेस के पुर्व सचिव संजय भंडारी, पूर्व प्रवक्ता अमन सेठी, युवा कांग्रेस सोलन सिटी के अध्यक्ष पुनीत नारंग (बादल)युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव मनीष शर्मा (मोंटू), युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया कॉर्डिनेटर निशान्त मकोल ने बयान जारी कर कही। सभी ने कोरोना महामारी के समय इस कार्य के लिए उनका धन्यवाद किया।

वहीं पूर्व महासचिव रोहित शर्मा ने कहा कि एक तरफ जहां कांग्रेस विधायक अपनी सैलेरी कोरोना महामारी से निपटने के लिए दान दे रहे है। वहीं भाजपा के नेता कभी सैनीटाइजर घोटाले व अब कोरोना उपकरण के खरीद फरोख्त घोटाले में शामिल होकर इस संकट के समय में भी भ्रष्टाचार से बाज़ नही आ रहे हैं। प्रदेश की छवि को तार-तार करने में लगे हैं ऐसी परिस्थिति में सुक्खू एक आदर्श बन कर उभरे हैं। कांग्रेस के नेताओं ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिस भी नेता के संरक्षण में भ्रष्टाचार पनप रहा है उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही इस संकट की घड़ी में राजनीति से ऊपर उठकर विपक्ष, गैर सरकारी संस्थाये एवं निजी तौर पर जो लोग सेवा कर रहे हैं उनसे समन्वय स्थापित कर उनकी सेवाओ का भी प्रयोग करे क्योंकि इस संकट की घड़ी से पार सब के सहयोग से ही पाया जा सकता है।



