कसौली में घरेलू कलह में पति ने पत्नी को उतारा मौ…त के घाट, गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के कसौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव शनोगी में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार गांव शनोगी निवासी द्वारा पुलिस चौकी कुठाड़ को सूचना दी गई कि चतर सिंह की पत्नी सुमन ने उस पर चाकू से हमला कर दिया है और स्वयं को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी कुठाड़ की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की तस्दीक करने पर पाया गया कि चतर सिंह की पत्नी सुमन अपने कमरे में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी। मृतका के गले व शरीर पर तेजधार हथियार से किए गए गंभीर घाव पाए गए।घटना के संबंध में मौके पर मौजूद पूजा निवासी डाकखाना शामती, तहसील व जिला सोलन ने पुलिस को बयान दिया कि 31 जनवरी 2026 की शाम उनके ससुर के मोबाइल पर गांव शनोगी निवासी नरेंद्र सिंह का फोन आया था। फोन पर बताया गया कि सुमन और उसके पति चतर सिंह के बीच आपसी झगड़ा हुआ है, जिसके दौरान सुमन ने अपने पति पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ गांव शनोगी पहुंचीं, जहां उन्होंने अपनी ननद सुमन को कमरे में मृत अवस्था में पाया। मृतका के गले पर तेजधार हथियार से काटने के निशान थे और कमरे में खून फैला हुआ था। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सुमन की हत्या उसके पति चतर सिंह ने की है।
बयान के आधार पर थाना कसौली में 1 फरवरी को हत्या की धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल और शव का निरीक्षण फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम से करवाया गया। मौके से वारदात में प्रयुक्त तेजधार हथियार एक चाकू और एक कैंची को पुलिस ने कब्जे में लिया। उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू ने भी घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण किया।
मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों और गवाहों से पूछताछ कर घटना की वास्तविकता की गहन जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सुमन की हत्या उनके पति द्वारा ही की गई है। पुलिस ने आरोपी चतर सिंह पुत्र पाल सिंह (43), निवासी गांव शनोगी, डाकघर मलेरा, तहसील कसौली, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है
![]()
