एसडीएम ने दी एसबीआई बैंक में दबिश, कर्मचारियों सहित अधिकारियों को लगाई लताड़

सोलन एसबीआई बैंक की मेन ब्रांच में एसडीएम अजय यादव ने दबिश दी। जैसे ही उन्हें इस बात की भनक लगी कि राजगढ़ रोड स्थित एसबीआई बैंक में कोरोना पॉज़िटिव आने के बाद भी मुख्य शाखा खुली है तो उन्होने मौके पर पहुंचकर वहां पर मौजूद अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई।
हद तो तब हो गई जब बैंक का कोरोना पॉज़िटिव कर्मचारी बाज़ार में घूम रहा था। उसे फोन कर बैंक के बाहर बुलाया गया और उसे बाज़ार में घूमने का कारण पूछा गया। लेकिन वो संतोषजनक जवाब न दे सका। एसडीएम अजय यादव ने उसे तत्काल घर जाने को कहा।
एसडीएम की बातों का वहां पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के पास कोई जवाब नहीं था और उनकी बातों का वो तर्कहीन जवाब देते रहे। जिसपर एसडीएम ने उन्हे ज़िम्मेदारी का पाठ पढ़ाया और हिदायत दी की ब्रांच को तुरंत बंद किया जाए और गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाने वाले अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करने की बात कही । उन्होने कहा कि बैंक के अधिकारियों का रवैया ठीक नहीं है और वो कोरोना पॉज़िटिव मामले आने के बाद भी बैंक खोलकर बैठें हुए है। लोगों की जान को जोखिम में डालकर बैंक की ये हरकत निंदनीय है और जो भी इसमे दोषी पाया जाएगा उनपर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम अजय यादव ने थर्ड आई से बात में बताया कि बैंक को करीब एक सप्ताह तक बंद रखा जाएगा और इसे दुबारा तभी खोला जाएगा जब प्रशासन की तरफ से आदेश जारी किए जाएंगे।






