Third Eye Today News

एआई समिट में भारत की उपलब्धियों से दुनिया प्रभावित, विपक्ष का प्रदर्शन चिंताजनक :डॉ. राजीव बिंदल

Spread the love

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज नाहन नगर के बूथ नंबर 43 एवं 44 के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अपने निवास विला-राउंड, नाहन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” का 131वां एपिसोड सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इस बार के मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों को रमजान और होली की शुभकामनाएं देते हुए अनेक प्रेरणादायक विषयों पर संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत में आयोजित विश्वस्तरीय एआई समिट की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से भारत की प्राचीन पांडुलिपियों, संस्कृत ग्रंथों और ऐतिहासिक पुस्तकों को विश्व के सामने नए स्वरूप में प्रस्तुत करने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से सुश्रुत संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों वर्ष पहले भारत ने चिकित्सा और शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में जो ज्ञान विकसित किया, उसे अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से वैश्विक स्तर पर पहुंचाया जा सकेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की उपलब्धियों और नेतृत्व की सराहना कर रहा है, तब कुछ विपक्षी तत्वों द्वारा किया गया विरोध प्रदर्शन अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं विपक्ष की मानसिकता को दर्शाती हैं और देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करती हैं।
डॉ. बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार प्रशासनिक और वित्तीय मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 1500 से अधिक स्कूल बंद कर दिए और हाल ही में 150 स्कूल और बंद किए गए, जबकि कई कॉलेजों को मर्जर के नाम पर समाप्त किया गया। उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली बिलों में भारी वृद्धि ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। नए मीटर लगने के बाद लोगों को असामान्य रूप से अधिक बिल मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। साथ ही एंट्री टैक्स, डीजल के दाम और बस किराए में वृद्धि से महंगाई और बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कर्ज लेकर खर्च किए और अब उसका बोझ जनता पर डाला जा रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेश से प्रेरणा लेकर संगठन को और मजबूत करें तथा जनसेवा के कार्यों को तेज करें।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक