Third Eye Today News

ऊना में परिवार पर सामूहिक हमला, महिला सहित तीन घायल, 9 पर मामला दर्ज

Spread the love

थाना मैहतपुर के अंतर्गत सासन में एक परिवार पर सामूहिक हमला करने और घर में भारी तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। इस हमले में एक महिला सहित तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि आरोपियों ने वाहनों और मकान को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में सासन निवासी हरदीप सिंह ने बताया कि रविवार रात वह अपने घर पर अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही काला, शिवा, लवी, रोहित, मनी, दीपु, शीला की बुआ का बेटा, आशु और काका उनके घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उसकी मां और बहन के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान पीड़ितों को चोटें आईं।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने जाते-जाते घर में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिल, एक कार और घर के मुख्य दरवाजे को नुकसान पहुंचाया गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मैहतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक