Third Eye Today News

ई-केवाईसी नहीं तो पेंशन नहीं, पेंशनधारक 15 फरवरी से पहले करवाएं अपना e-KYC

Spread the love

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को पेंशन की राशि सुचारू रूप से उनके बैंक अथवा डाकघर के बचत खातों में प्रदान करने के उद्देश्य से ऑनलाइन माध्यम से ई-केवाईसी सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए एक मोबाइल ऐप विकसित करने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में विभाग द्वारा सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का ई-केवाईसी सत्यापन जुलाई 2025 से जिला कल्याण अधिकारी एवं तहसील कल्याण अधिकारी के माध्यम से, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से आरंभ किया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत ई-केवाईसी सत्यापन पूरा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी, 2026 निर्धारित की गई थी। जिन पेंशन धारकों ने निर्धारित अवधि में अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है, उनकी पेंशन विभाग द्वारा अस्थायी रूप से रोक दी गई है।

विभाग ने सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है, वे 15 फरवरी, 2026 से पूर्व अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित ई-केवाईसी सत्यापन अवश्य करवाएं।प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अंतिम अवसर के बाद भी यदि कोई लाभार्थी ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाता है, तो यह माना जाएगा कि संबंधित पेंशनर अनुपलब्ध है अथवा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए पात्र नहीं है, जिसके बाद उसकी पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि जिन असहाय पेंशनभोगियों का आधार कार्ड नहीं बना है या अपडेट की आवश्यकता है, वे संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर आधार कार्ड बनवाने या अपडेट करवाने की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। ई-केवाईसी सत्यापन से संबंधित जानकारी एवं समस्या निवारण के लिए लाभार्थी अपने नजदीकी जिला कल्याण अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, परियोजना पर्यवेक्षक अथवा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक