इंस्पेक्टर ने अपने दो बेटों को मारी गोली, एक की मौत

हरियाणा के कैथल जिले की पुलिस लाइन में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात सतवीर नाम के एक व्यक्ति ने अपने दो बेटों को गोली मार दी। इस घटना में एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बीच बचाव करने के लिए आगे आई दोनों बहू भी घायल हो गई।


घायल बेटे और दोनों बहुओं को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर मौके से फरार बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक देर रात लगभग 12 बजे इंस्पेक्टर का किसी बात को लेकर बेटों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि इंस्पेक्टर ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल दी और फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर क्वाटर में रहता था। उसने अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली मारी। थाना सिविल लाइन के प्रह्लाद सिंह ने इसकी पुष्टि की है। शुरुआती जांच में ये मामला घरेलू कलह का बताया जा रहा है। वहीं पुलिस ने आरोपी इंस्पेक्टर की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस की मानें तो जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

