आरट्रैक शिमला में मनाया 9वां सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस, चार पूर्व सैनिक सम्मानित
भारतीय सशस्त्र सेनाओं के प्रथम कमांडर-इन-चीफ, फील्ड मार्शल केएम करिअप्पा के भारतीय सेना में उल्लेखनीय योगदान को याद करने के लिए हर वर्ष 14 जनवरी को भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड (ARTRAC) में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सम्मान समारोह में चार पूर्व सैनिक सम्मानित
कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल देवेन्द्र शर्मा, जनरल अफसर कमांडिंग-इन-चीफ ने चार पूर्व सैनिकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा “फील्ड मार्शल केएम करिअप्पा 1953 में 14 जनवरी के दिन सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी सेवाओं के सम्मान में भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाया जाता है।” उन्होंने बताया कि यह दिवस पहली बार 2016 में मनाया गया था और तब से हर वर्ष पूर्व सैनिकों के सम्मान में इस तरह के संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
पूर्व सैनिकों का गौरवपूर्ण अनुभव
सम्मान प्राप्त करने वाले पूर्व सैनिकों ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि सेवानिवृत्त होने के बाद भी सेना हमारे योगदान को याद करती है। यह सम्मान समारोह न केवल हमें प्रेरित करता है बल्कि सेना में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं का हौसला भी बढ़ाता है।
सेना के योगदान का स्मरण
इस मौके पर लेफ्टिनेंट जनरल देवेन्द्र शर्मा ने सैनिकों की बलिदान भावना और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक सैनिक देश सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने को हमेशा तैयार रहता है। ऐसे सम्मान समारोह नए सैनिकों और युवाओं को प्रेरणा देने का माध्यम हैं। इस कार्यक्रम ने पूर्व सैनिकों और युवाओं को सेना के प्रति गर्व और समर्पण का भाव बढ़ाने का संदेश दिया।