आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निवारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता- डॉ. शांडिल

कण्डाघाट उपमण्डल की दूरदराज ग्राम पंचायत जधाणा के गांव कुफ्टू में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निवारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में समय-समय पर आयोजित किए जा रहे सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ।
डॉ. शांडिल आज सोलन ज़िला के कण्डाघाट उपमण्डल की दूरदराज ग्राम पंचायत जधाणा के गांव कुफ्टू में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
स्वास्थ्य मन्त्री ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का उनके घर-द्वार पर त्वरित समाधान करना एवं उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओ की विस्तृत जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों की समस्याओं का घर-द्वार पर समाधान होने से लोगों के धन और समय की बचत सुनिश्चित हो रही है।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन होना आवश्यक है ताकि ग्रामीण स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान हो सके। प्रदेश सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुत तेजी से सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी आरम्भ करने के साथ-साथ आधुनिक एम.आर.आई जैसे उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को बेहतर निदान एवं चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। प्रदेश के अन्य प्रमुख अस्पतालों में भी रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।
समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मन्त्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमज़ोर वर्गों के कल्याण के लिए योजनाबद्ध कार्य कर रही है। मुख्यमन्त्री सुखाश्रय जैसी योजना जहां बेसहारा बच्चों के भविष्य को संवारने का माध्यम बन रही है वहीं राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना के माध्यम से बेरोज़गार युवाओं को रोज़गार एवं स्वारोज़गार प्रदान करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने इस अवसर पर लोगों का आह्वान किया कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

डॉ. शांडिल ने विद्युत बोर्ड, जल शक्ति, लोक निर्माण, राजस्व विभाग व अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायतें सुनीं तथा सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर हिमईरा की फूड वैन को झंडी दिखाकर रवाना भी किया। उन्होंने कहा कि यह वैन महिला स्वयं सहायता समूहों की आय वृद्धि का साधन बनेगी।
उपमण्डलाधिकारी कंडाघाट गोपाल चंद शर्मा ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का घर-द्वार पर शीघ्र समाधान करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत आज कण्डाघाट उपमण्डल की सभी ग्राम पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनी गई।
इस अवसर पर 54 शिकायतें व मांगें प्राप्त हुई। इनमें से अधिकतर का मौके पर निपटारा किया गया तथा शेष मांगों को सम्बन्धित विभागों को प्रेषित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य द्वारा इस अवसर पर द्वारा प्रदर्शनियां भी लगाई गई।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता कर्नल संजय शांडिल, संजीव ठाकुर, ग्राम पंचायत जधाना के पूर्व प्रधान पीकेश वर्मा, पूर्व प्रधान किशोर कुमार, ग्राम पंचायत ममलीग की पूर्व प्रधान द्रोपति राठौर, ग्राम पंचायत कोट की पूर्व प्रधान चंपा कश्यप, पूर्व बीडीसी सदस्य इंदु चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन राज कुमार चंदेल, खंड विकास अधिकारी कंडाघाट ओपी शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सिंह, नायब तहसीलदार ममलीग सुरेंद्र चंदेल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य तथा ग्रामीण उपस्थित थे।
![]()


