आज के दिन हिमाचल के हुए थे 12 जिले, 1972 में हमीरपुर, ऊना व सोलन को बनाया था जिला
पहली सितंबर 1972 को हिमाचल में तीन नए जिलों हमीरपुर, ऊना व सोलन का गठन हुआ था। इसके बाद हिमाचल में 12 जिले हो गए। प्रदेश के सभी जिलों में विकास ग्रामीण क्षेत्र तक बिछे सड़कों के जाल के रूप में नजर आता है। पेयजल, शिक्षा, विद्युत, ग्रामीण विकास के बाद अब कृषि, बागवानी व औद्योगिक क्षेत्र में आगे बढऩे के प्रयास हो रहे हैं। 15 अप्रैल 1948 को केंद्र शासित प्रदेश में महासू, मंडी, चंबा व सिरमौर चार जिले थे। 1960 में कांगड़ा, लाहुल-स्पीति, कुल्लू व शिमला जिले बने। महासू जिले का अस्तित्व खत्म होने पर 1966 में किन्नौर जिला बना था।

हिमाचल प्रदेश सरकार अब चार नए जिलों के गठन की तैयारी कर रही है। यदि सरकार ऐसा करती है तो 12 जिलों की संख्या 16 हो जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार उपचुनाव से पहले बड़ा फैसला ले सकती है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा प्रदेश में अलग-अलग समय पर जिलों का गठन हुआ है। लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं भी मिलीं। विकास के पथ पर हर जिला गाथा लिखता जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री डाक्टर राजीव सैजल ने कहा जिला बनने के बाद सोलन विकास में तेजी से आगे बढ़ रहा है। फल, सब्जी व मशरूम उत्पादन के बाद अब सोलन औद्योगिक विकास का पर्याय बन चुका है। पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर का कहना है ऊना के जिला बनने के बाद हर क्षेत्र में इसकी पहचान बनी है। फसलों की पैदावार भी बढ़ी है। सड़कें बनने से लोगों के लिए कारोबार का रास्ता खुला है।


