अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, सीएम सुक्खू ने बुलाई आपात बैठक, ऊना के स्कूलों में अवकाश घोषित
देश के 15 शहरों पर पाकिस्तान की ओर से हमले की कोशिश के बाद हिमाचल प्रदेश में सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रदेश में सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। विशेषकर प्रदेश के पर्यटन स्थलों, शक्तिपीठों, जल विद्युत परियोजनाओं और सीमावर्ती क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू देर रात तक अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पल-पल की अपडेट लेते रहे। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त कांगड़ा से फोन पर बात की और उन्हें पंजाब से लगते संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पंजाब और जम्मू से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में एहतियातन ब्लैक आउट करने की सूचना भी है। प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज आपात बैठक भी बुलाई है। इसमें मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक समेत सभी उच्च अधिकारियों के साथ सुरक्षा को लेकर उठाए जाने वाले उपायों को लेकर मंथन किया जाएगा।देर रात पंजाब से सटे जिला ऊना और बिलासपुर के उपायुक्त ने ब्लैक आउट को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
इसमें लोगों से पूर्ण ब्लैक आउट सुनिश्चित करने और नागरिकों से अपील की है कि वे घर के अंदर ही सुरक्षित रहें और बाहरी और घर के भीतर की लाइटों को पूरी तरह से बंद रखें। जिला ऊना में शुक्रवार को सुरक्षा कारणों से अवकाश घोषित कर दिया गया है। पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, जालंधर और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहर हिमाचल से सटे हैं, जबकि जम्मू की भी हिमाचल के साथ सीमा लगती है। वहीं, शिमला, गगल (धर्मशाला) एयरपोर्ट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। इन एयरपोर्ट का इस्तेमाल केवल आपात स्थिति में सेना ही कर सकती है।
![]()
