अब नौ-सेना जवान नहीं कर पाएंगे फेसबुक का इस्तेमाल, स्मार्ट फोन पर भी लगा बैन

भारतीय नौसेना ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फ़ैसला लिया है। जिसके तहत नौसेना कर्मियों को सोशल मीडिया साइट फेसबुक के इस्तेमाल पर बैन लगा दिया है। इसके अलावा नौसेना के ठिकानों, डॉकयार्ड और युद्धपोतों पर स्मार्टफोन लेकर जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। दरअसल, बीते दिनों नौसेना के सात कर्मियों को सूचनाएं लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद नौसेना ने अपने कर्मियों से सोशल मीडिया से दूरी बनाने का फरमान जारी किया है।

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने सोशल मीडिया के जरिए भारतीय सुरक्षा बलों के जवानों को हनीट्रैप में फंसाने का बड़ा प्लान तैयार किया है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे प्लान को आईएसआई के एक अधिकारी के जरिए अंजाम दिया जा रहा है। अब इस मामले की जांच का जिम्मा गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपा है। बीते दिनों आंध्र प्रदेश की काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने हनीट्रैप के कई मामले पकड़े थे, जिसमें नेवी के कई जवान शामिल थे।


